MyMandirInstall

13.7.2026 आजकल कार्यक्रमों आदि में ऐसा देखा जाता है, जब कोई सुप्रसिद्ध व्यक्ति (सेलिब्रिटी) कहीं मंच पर या सड़क आदि पर दिखाई देता है, तो बहुत से लोग उसके साथ अपना फोटो खिंचवाना चाहते हैं, और खिंचवाते भी हैं। वे यह समझते हैं, कि *"इस प्रसिद्ध व्यक्ति के साथ हम फोटो खिंचवा लेंगे, तो हम भी बहुत विशेष व्यक्ति बन जाएंगे। हमें इससे बड़ा सुख मिलेगा। हम लोगों को दिखायेंगे कि इतने ऊंचे व्यक्ति के साथ हमारा संबंध है। तब लोग हमसे प्रभावित होंगे।"* *"और यदि किसी राजनीतिक व्यक्ति के साथ हमने फोटो खिंचवा लिया, तो लोग हमसे डरेंगे भी, कि इसका संबंध इतने बलवान राजनीतिक व्यक्ति के साथ है, तो ये भी शक्तिशाली है, और हमारी किसी भी प्रकार से हानि कर सकता है।"* कुल मिलाकर कहने का तात्पर्य यह है, कि *"लोग दूसरों पर अपना दबाव बनाने के लिए या अपनी प्रसिद्धि एवं दूसरों पर अपना प्रभाव डालने के लिए प्रसिद्ध लोगों या सेलिब्रिटीज़ के साथ अपना फोटो खिंचवाते हैं।"* भले ही फोटो खिंचवाकर वे ऐसा सोचते हैं, कि *"इससे हमारा जीवन सफल हो गया।"* परन्तु वास्तव में ऐसा होता नहीं है। *"इससे उनका कोई व्यक्तिगत विकास नहीं होता, उनका आनन्द कोई बहुत अधिक नहीं बढ़ता।"* *"हां, यदि कोई उत्तम चरण वाला सज्जन व्यक्ति हो, महापुरुष हो, आदर्शवादी हो, ईश्वरभक्त हो, चरित्रवान देशभक्त ईमानदार तथा परोपकारी व्यक्ति हो, और उसके साथ किन्हीं लोगों का सत्संग चर्चा करना, उठना बैठना विचार विमर्श करना और उसके आदेश निर्देश का पालन यदि वे लोग करते हों, तो उनका जीवन अवश्य सफल हो जाता है। इससे उनके जीवन में से बहुत सारे दोष विदा हो जाते हैं। और उन लोगों में बहुत से उत्तम गुण आ जाते हैं।"* *"इसलिए प्रसिद्ध व्यक्तियों के साथ फोटो खिंचवाने की अपेक्षा, उत्तम आचरण वाले लोगों का सत्संग करना, उनके प्रति श्रद्धा रखना, उनका सम्मान करना, उनके आदेश निर्देश का पालन करते हुए अपने दोषों को छोड़ देना, तथा उत्तम गुणों को धारण करके अपने जीवन का सुधार करना, अधिक लाभकारी तथा सुखकारी है।"* *"यदि आप अपने जीवन में वास्तविक आनन्द प्राप्त करना चाहते हैं, तो जैसा ऊपर बताया है, ऐसा ही करें।"* ---- *"स्वामी विवेकानन्द परिव्राजक, निदेशक - दर्शन योग महाविद्यालय, रोजड़, गुजरात."*

Post media

Comments (0)

No comments yet. Be the first to comment!